खतरनाक छठ घाटों पर एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और अग्निशमन दल की व्यवस्था करें सुनिश्चित : एसपी
छठ एवं दीपावली को ले जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ डीएम व एसपी ने की बैठक
बिहारशरीफ । जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था की समीक्षा हेतु जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पर्व श्रद्धा और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, इसलिए सभी नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित छठ घाटों का निरीक्षण किया जाए। छठ घाटों की सफाई, लाइटिंग व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष, माइक सेट, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पूजा शांति समिति के साथ बैठकें, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने छठ पर्व के अवसर पर सूर्य भगवान की मूर्ति स्थापित करने के लिए लाइसेंस प्राप्त करने और विसर्जन के लिए रूट चिन्हित करने की आवश्यकता पर बल दिया। छठ घाटों पर डीजे के उपयोग को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा। छठ व्रतियों की सुरक्षा हेतु गहरे पानी से बचने के लिए बैरिकेडिंग और लाल झंडियों की व्यवस्था की जाएगी।
दीपावली पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी ने काली और लक्ष्मी मूर्ति पूजा के लिए लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने और विसर्जन के समय और रूट को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों की पहचान की जाए और भूमि विवादों का शीघ्र समाधान किया जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री सोनी ने अपने संबोधन में दीपावली और छठ पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक प्लानिंग और छठ घाटों पर प्रवेश और निकास की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने खतरनाक छठ घाटों पर एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और अग्निशमन दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने धनतेरस के दौरान बाजारों में सतर्कता बढ़ाने, जुआ खेलने वालों पर निगरानी रखने और मद्य निषेध कानून के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब बिक्री वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, रात के समय गश्त बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की बात कही।
बैठक के दौरान, अनुमंडल और पुलिस अधिकारियों ने दीपावली और छठ पर्व के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। इस बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और नगर क्षेत्र के थानाध्यक्षों सहित कई अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।