
नालंदा। गुरुवार की रात नगर थाना क्षेत्र के मुरौरा गांव में एसबीआई के बैंक मैनेजर के घर भीषण डकैती हुई। डकैती की घटना बेगूसराय में एसबीआई ब्रांच में पदस्थापित श्रीकांत शर्मा के घर में हुई है। घर मे घटना के वक्त श्रीकांत शर्मा के पिता रामचन्द्र प्रसाद उनकी पत्नी समेत कुल 6 सदस्य मौजूद थे। रामचंद्र प्रसाद दारोगा के पद से 2018 में रिटायर कर चुके हैं। 3 घंटे के उत्पात के दौरान डकैतों ने करीब 10 लाख की संपत्ति की डकैती कर ली है। सभी डकैत चेहरे पर नकाब और हाथ में गलव्स पहन रखे थे। डकैतों ने सभी के मोबाइल को छत पर रख दिया था।घर के बाहर लगे सीसीटीवी में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि रात में 12 बजकर 14 मिनट पर पर पहले 1 व्यक्ति घर के पास आया, जिसने करीब 5 से 10 मिनट तक घर के आसपास रेकी की। इसके बाद वह घर की बाउंड्री फांद कर घर के अंदर प्रवेश किया और पीछे के दरवाजे को खोला, जहां से 11 बदमाश घर के अंदर हथियार लेकर घुस गए। डकैतों ने मुंह पर मास्क और चेहरे पर नकाब लगाया था, इसमें एक बदमाश दिव्यांग भी था।डकैतों ने करीब 3 घंटे तक पति-पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। बारी-बारी से घर के अंदर 5 कमरों के स्टोरवेल और पलंग के अंदर रखे आभूषण और नगद की डकैती कर ली। घर के बगल वाले फ्लैट में फाइनेंस कंपनी चलती है और उसमें कुछ कर्मी भी थे। उन्हें इस घटना की भनक तक नहीं लगी ना ही पड़ोसियों को किसी प्रकार की आहट महसूस हुई। डकैतों ने घर में लगे कई सीसीटीवी कैमरे के कनेक्शन को छुड़ा दिया तो वहीं डीवीआर नहीं मिलने पर टॉर्चर भी किया, हालांकि डकैत डीवीआर ले जाने में सफल नहीं हुए। डकैतों ने श्रीकांत शर्मा की बहन के गले से सोने की चैन भी छीन ली।घर में सभी सदस्यों के डकैतों ने मोबाइल ले लिया था और उसे ले जाकर छत पर रख दिया था। ताकि किसी प्रकार का कम्युनिकेशन घर के सदस्य ना कर सके। डकैत इतने शातिर थे कि मुंह पर नकाब तो था ही इसके अलावा हाथों में दस्ताने पहन रखे थे।3 घंटे के उत्पात के दौरान डकैतो ने करीब 8 से 10 लाख की संपत्ति की डकैती कर ली है। इसमें 50 हजार नगद और आभूषण है। हालांकि गृह स्वामी अभी आकलन करने में जुटे हुए हैं कि कितने की डकैती उनके घर में हुई है। सुबह करीब 3:00 बजे डकैत डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद घर के पीछे के दरवाजे से खेत की तरफ भाग निकले। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने शोर शराबा किया तो आसपास के लोगों की नींद खुली, तब पड़ोसी घर के अंदर गए और परिवार को कमरे से बाहर निकाला गया।सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। घटनास्थल का मुआयना किया गया है। सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की करतूत कैद हुई है। पीड़ित परिवार के द्वारा अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस पर मामले की छानबीन में जुट गई है।