![](https://mahuanews.in/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231202-WA0069.jpg)
नालंदा। बेन थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में शुक्रवार की रात अपराधियों ने घर में सो रही महिला की गला रेत कर हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान स्व. रामचन्द्र प्रसाद की पत्नी फूल कुमारी 80 के रूप में की गई है।मृतक महिला फूल कुमारी के पुत्र अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें शनिवार की सुबह पड़ोसियों से जानकारी मिली। लोगों ने बताया कि उनकी मां की घर में गला रेत हत्या कर दी गई है। इसके बाद वे गांव पहुंचे। वहां देखा कि मां की कान की बाली और हाथ का बलिया गायब है। घर के अंदर गला रेता हुआ है। दीपावली के बाद से उनकी मां बिहार शरीफ से भगवानपुर गांव आ गई थी। वहां अकेले ही रह रही थी। अरविंद प्रसाद सिंह सिलाव प्रखंड के नालंदा स्थित महाबोधि कॉलेज के प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं। बिहार शरीफ में अपने आवास पर रहते हैं।दरअसल, पड़ोसी शनिवार की सुबह अपने-अपने कामों को लेकर घरों से निकले तो घर के आगे बुजुर्ग महिला का खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और परिजनों को दी गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद राजगीर डीएसपी प्रदीप कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की छानबीन में जुट गए।राजगीर डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके घर का दरवाजा कभी बंद नहीं होता था। बाहर दरवाजे पर ही सोती थी। प्रथम दृष्टिया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल, डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंच गई है। वहीं, एफएसएल की टीम पटना से रवाना हो गई है।