नालंदा। नालंदा में एनीमिया मुक्त अभियान जारी है। इस अभियान के तहत आरबीएसके टीम संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाकर लक्षित समूह की लड़कियों और महिलाओं की टॉक-टेस्ट-ट्रीट (टी-3) आधार पर जांच और उपचार कर रही है। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और समेकित बाल विकास परियोजना के समन्वय से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक लगभग 30 हजार छात्राओं, छात्रों और गर्भवती महिलाओं की जांच की जा चुकी है। जिन लड़कियों और महिलाओं का हीमोग्लोबिन कम पाया जा रहा है, उन्हें दवाइयां देकर उचित उपचार किया जा रहा है। अभियान का लक्ष्य नालंदा को एनीमिया मुक्त बनाना है। एनीमिया से ग्रसित बच्चियों और महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण है। उपविकास आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार को एस एस बालिका उच्च विद्यालय बिहार शरीफ में लगाए गए एनीमिया जाँच शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं से भी संवाद किया। इस अवसर पर आरबीएसके के जिला समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।