नालंदा :- स्मार्ट सिटी बिहारशरीफ द्वारा नाला निर्माण में भारी लापरवाही एवं मनमानी का मामला सामने आया है। धनेश्वरघाट मुख्य मार्ग पर रात्रि में लगभग दो-तीन बजे नाला निर्माण हेतु जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। जिसमें सदानंद कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर रंजन आशुतोष शरण के मकान की नींव की खुदाई कर दी गई। नींव की खुदाई होने से पूरा मकान भरभराकर गिर गया। ईश्वर का शुक्र है कि उस समय मकान में कोई व्यक्ति उपस्थित नहीं था। अन्यथा जान की क्षति हो जाती। मकान गिरने के कारण उसमें रखे लाखों की संपत्ति का नुकसान हो गया। घर के दरवाजे, खिड़कियां दीवार के साथ सड़क पर आ गया। गृहस्वामी ने बताया कि अनेक बहुमूल्य सामानों की भी चोरी हो गई। प्रोफेसर शरण ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों से मुआवजे की मांग की है तथा ध्वस्त मकान को बनाने एवं दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।