![](https://mahuanews.in/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231209-WA0113-1024x768.jpg)
नालंदा :- बख्तियारपुर-रजौली फोर लाइन निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण एक बाइक सवार युवक की दबकर मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर हरनौत थाना क्षेत्र के रूपसपुर गांव के समीप हुई। घटना के अनुसार बाइक सवार युवक हरनौत से बिहारशरीफ जा रहा था। इसी दौरान फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगाई जा रही प्लेट गिर गई। इससे युवक दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से प्लेट को हटाकर युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनौत ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंचीं। हरनौत थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान चंडी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव निवासी रणविजय सिंह के रूप में कि गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि फोर लाइन निर्माण कार्य में लगे कर्मियों की लापरवाही के कारण अक्सर हादसा होते रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में कार्य कर रहे मजदूरों को लेकर कहा की यहां ज्यादातर नाबालिग मजदूर काम कर रहे है।
बीते वर्ष भी निर्माणाधीन फ्लाईओवर का गार्डर क्रेन टूटने से एक की हुई थी मौत
इससे पूर्व भी बीते वर्ष 18 नवंबर 2022 की शाम भागन बिगहा में एनएच- 20 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का गार्डर क्रेन से ऊपर चढ़ाने के दौरान टूटकर नीचे गिर गया था जिसे एक कामगार की मौत हो गई थी। घटना बख्तियारपुर-रजौली एनएच पर घटी थी। इसके फारलेनिंग का काम चल रहा था। वेना थाना क्षेत्र के भागन बिगहा में निर्माणाधीन राजकीय डेंटल कालेज एवं हास्पिटल के पास फ्लाईओवर निर्माण के लिए 28वें एवं 29वें पाए के बीच दो क्रेनों की मदद से गार्डर चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान दुर्घटना हो गई थी। वही उस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की थी। सीएम ने इस घटना को काफी दुखद बताया था। इस हादसे में मृत व्यक्ति के परिजन को उन्होंने अनुमान्य सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया था। बता दें कि बख्तियार पुर-बिहारशरीफ-नवादा-बरही एनएच-20 का फोरलेनिंग का कार्य चल रहा है। गावर कंपनी को सड़क एवं फ्लाईओवर निर्माण का ठीका मिला है।घटना के बाद अफरातफरी मच गई थी। अन्य कामगार मौके से भाग गए। गार्डर टूटने से फ्लाईओवर की गुणवत्ता पर अभी से सवाल उठने लगा है।