
नालंदा :- सिलाव थाना क्षेत्र के कड़ाह गांव से पिछले 6 दिनों से गायब आरएमपी डॉक्टर के शव को रविवार को पुलिस ने चंडी थाना क्षेत्र के जैतीपुर गांव के लालगंज खंधा के जलकुंभी भरे पइन से बरामद किया गया है | युवक की बेरहमी से हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को लाकर यहां फेंका गया | परिजन युवक की हत्या का आरोप उसके क्लिनिक की पार्टनर एएनएम और उसके पति पर लगा रहे हैं | पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है | मृतक सिलाव थाना क्षेत्र के कड़ाह गांव निवासी स्व. अनवर हुसैन का 26 वर्षीय पुत्र मो. सद्दाम अंसारी है | वह एएनएम सुनीता कुमारी के साथ मिलकर छबिलापुर थाना इलाके के कोलुहा गांव में निजी क्लिनिक चलाता था। पांच साल पहले ट्रेनिंग के दौरान दोनों की जान पहचान हुई थी। परिजनों ने बताया कि 11 दिसंबर की शाम जीएनएम की परीक्षा देने के लिए रांची जाने के लिए घर से निकला था। उसके बाद से ही उसका कुछ अता पता नहीं चल रहा था। लगातार मोबाइल ऑफ रहने पर एक दो दिनों तक परिजन खोजबीन किये इसके बाद थाना में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने युवक के मोबाइल के जरिए उसके पार्टनर एएनएम और उसके पति को पूछताछ के लिए थाना लायी। पहले तो दोनों ने किसी तरह की घटना से इंकार कर दिया। पुलिस की सख्ती के बाद दोनों टूट गयी और हत्या के बाद शव को जिस जगह पर फेंका था पुलिस को बताया। मौके से मिले रुमाल और जूता से परिजन भी सद्दाम होने का दावा कर रहे हैं। सिलाव थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अनुसंधान के क्रम में चारपहिया वाहन के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया। इसके अलावा, एएनएम और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।