Mahua Live Nalanda:धूमधाम के साथ जैन धर्म का दशलक्षण महापर्व शुरू।

श्रद्धालुओं ने किया भगवान महावीर का अभिषेक
Mahua Live Nalanda:जैन धर्मावलंबियों के तीर्थ स्थल पावापुरी नालंदा में जैनियों का पर्व पर्युषण दशलक्षण त्योहार का आगमन होने से जैन धर्मावलंबियों के बीच खासा उत्साह का माहौल है। कहा जाता है दशलक्षण पर्व का आगाज़ उस समय हुआ होगा जब मानव दुःख से सुख की ओर कदम बढ़ा रहा था। उसी खुशी में दस दिनों का यह भक्ति आराधना का क्रम प्रारम्भ हुआ। इसलिए इस पर्व को अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का मार्ग भी कहा जाता है।दशलक्षण पर्व के पहले दिन पावापुरी स्थित श्री दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र पर उत्तम क्षमा धर्म की श्रद्धापूर्वक आराधना की गई। शुक्रवार को प्रातः मंदिर जी में जैन श्रद्धालुओं ने मंगलाचरण पाठ के साथ जिनेन्द्र भगवान का जलाभिषेक, शांतिधारा मंत्रोच्चार के बीच किया। इसके पश्चात विशेष पूजन में देव शास्त्र गुरु पूजा, भगवान महावीर पूजा, दशलक्षण धर्म पूजा, पंचमेरु पूजा समेत अन्य पूजा-अर्चना विधि विधान पूर्वक किया गया। इस दौरान श्रावकों ने जिनेन्द्र प्रभु के समक्ष अष्टद्रव्य अर्घ्य समर्पित किया। यह पवित्र पर्व 10 दिनों तक धूमधाम से मनाया जाएगा।