
बिहारशरीफ (नालंदा) । आठ सूत्री मांगों को लेकर बिहार के 38 जिला के 55 हजार जन वितरण विक्रेताओं ने 1 फरवरी 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा कर दी है। राज्य खाद्य निगम नेटवेट में खाद्यान्न देने एवं पीड़ित जन वितरण विक्रेता अंबिका यादव के द्वारा 20 जनवरी से भूख हड़ताल के कारण प्रदेश कार्य समिति के द्वारा मजबूर होकर यह निर्णय लिया गया। इस संबंध में फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री वरुण कुमार सिंह ने बताया कि 1 फरवरी से पाउस मशीन को बंद कर मांग पूरा होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में 1 से 12 जनवरी तक हड़ताल किया गया था। तत्पश्चात खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री लेसी सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें सभी मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया गया लेकिन अभी तक उक्त मांग पर मुख्यमंत्री या मंत्री स्तर से कोई आदेश पारित नहीं किया गया। जिसके कारण जन वितरण विक्रेताओं में काफी आक्रोश व्याप्त है। श्री वरुण ने कहा कि जन वितरण विक्रेताओं को गुजरात सरकार के तर्ज पर प्रतिमाह 30 हजार मानदेय, दुकान का किराया, बिजली बिल, स्टेशनरी, तौलने वाला मजदूर का खर्चा, दिल्ली, हरियाणा एवं गोवा सरकार के तर्ज पर बिहार के जन वितरण विक्रेताओं को 300 रुपया प्रति क्विंटल मार्जिन मनी दिया जाए। उन्होंने बिहार सरकार के मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री के द्वारा पीड़ित जन वितरण विक्रेता अंबिका यादव एवं सभी गुटों के साथ-साथ प्रदेश महामंत्री वरुण कुमार सिंह के साथ वार्ता कर मांग पूरा कराने की कृपा करने का मांग किया है। अन्यथा अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगा। इस संदर्भ में संगठन के द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ ,जिला आपूर्ति पदाधिकारी नालंदा ,जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम ,प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी बिहार शरीफ एवं सहायक गोदाम प्रबंधक बाजार समिति को ज्ञापन सौपकर कर हड़ताल की जानकारी दिया गया है।