गंदगी और लापरवाही पर जताई नाराजगी ,दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान गायब मिले विकास मित्र
कन्हैया पांडेय की रिपोर्ट
बिंद (नालंदा)। प्रखंड के विभिन्न कार्यालयों का एसडीओ वैभव नितिन काजले ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड के सभी कर्मियों के उपस्थिति पंजी देखा। इस दौरान प्रखंड व अंचल कार्यालय में गंदगी का अंबार देख वे विभर पड़े। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को प्रखंड कार्यालय स्वच्छ रखने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी। उत्तरथु पंचायत के सरकारी भवन में पसरी गंदगी और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पंचायत सरकार भवन में विकास मित्र अनुपस्थित पाए गए, जबकि उपस्थिति पंजी में राजस्व कर्मचारी का नाम तक दर्ज नहीं था। इस लापरवाही पर एसडीओ ने प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को दो दिनों के भीतर सभी कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने और अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। अपने निरीक्षण अभियान के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने बिंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी जायजा लिया, जहां दवाओं के स्टॉक की बारीकी से जांच की गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उमाकांत प्रसाद ने सीएचसी निर्माण कार्य अंतिम चरण में रहने कि जानकारी दिया। प्रमुख ने पीएचसी में महिला डाक्टर नहीं रहने की बात कही। उस पर उन्होंने पूरा किये जाने का आश्वासन दिया। साथ ही बीआरसी एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बिंद का भी निरीक्षण किया। इस तरह के अचानक निरीक्षण से प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कार्य व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। मौके पर विडियो श्याम किशोर शर्मा, बीपीआरओ रंजीत प्रियदर्शी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।