
नालंदा। नूरसराय थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से टेंपो पलट गया। हादसे में एक ही गांव के 4 बच्चे, आठ महिला समेत कुल 15 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में जख्मी महिला पिंकी कुमारी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ मंगलवार की शाम बिहार शरीफ के राजा कुआं स्थित संत बाबा के मंदिर में पूजा पाठ करने गई थी। पूजा पाठ के बाद वह वापस अपने गांव कांधूपीपर जा रही थी। तभी मेयार गांव के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टेंपो को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। टक्कर लगने से टेंपो सड़क किनारे पलट गया और उस पर सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों में धनंजय कुमार, बबीता देवी, सोनी कुमारी, रीता देवी, रीना देवी, धर्मशिला देवी, रविंद्र प्रसाद, मंजू देवी, रंजन कुमार, पिंकी देवी, सीमा कुमारी, ज्योति कुमारी, दिव्या कुमारी, सृष्टि कुमारी एवं साती कुमारी शामिल हैं। नूरसराय थाना अध्यक्ष कुणाल चन्द्र ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार को भी जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। कार चालक ओवरटेक करते समय टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से टेंपो सड़क किनारे पलट गया।