
नालन्दा:- जिला प्रशासन नालंदा द्वारा गुरुवार को सरमेरा प्रखंड में दो अलग-अलग स्थलों पर जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पहला जनसंवाद कार्यक्रम अमृत सरोवर, सिंघौल (पंचायत-ससौर) के समीप आयोजित किया गया जिसमें ससौर, चेरो, इसुआ एवं हुसैना पंचायत के लोग शामिल हुए।कार्यक्रम से पूर्व स्थानीय मुखिया द्वारा जिलाधिकारी की उपस्थिति में मनरेगा पार्क का उद्घाटन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय प्रमुख, अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक आदि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में इस कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को विस्तृत जानकारी देने तथा लोगों से योजनाओं के संबंध में फ़ीडबैक लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रखंड में किये गए एवं कराये जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों के बारे में भी संक्षिप्त जानकारी दिया। इस अवसर पर सरमेरा प्रखंड में विगत वर्षों से किये जा रहे विकास से संबंधित कार्यों पर आधारित एक वृतचित्र का भी प्रदर्शन किया गया। इसमें विभिन्न योजनाओं के तहत प्रखंड अंतर्गत किये गये कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा ने अपने संबोधन में आकस्मिक मदद के लिए डायल 112 के बारे में लोगों को जागरूक करते हुए इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम की रोकथाम हेतु जिला में एक डेडीकेटेड साइबर थाना क्रियान्वित है। साइबर क्राइम से संबंधित किसी भी तरह की शिकायत या जानकारी इस थाना में दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। थाना में महिलाओं के लिए विशेष महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था के बारे में बताया। भूमि संबंधित विवादों के निपटारे के लिए थाना स्तर पर लगने वाले विशेष शिविर के बारे में बताया गया।उप विकास आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना,मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत घर-घर कचरा उठाव, ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन आदि के बारे में जानकारी दिया। उन्होंने लोगों को स्वच्छ ग्राम की परिकल्पना को साकार करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा उपभोक्ता शुल्क का भुगतान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना,कुशल युवा कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के बारे में भी जानकारी दी। अपर समाहर्त्ता मंजीत कुमार द्वारा भूमि राजस्व से संबंधित विभिन्न प्रकार की सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। भूमि विवाद के निपटारे के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दिया। जिला में चल रहे भूमि सर्वेक्षण के कार्य के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी बिहार शरीफ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिहार शरीफ, जिला आपदा प्रबंधन शाखा प्रभारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी तथा स्थानीय प्रखण्ड प्रमुख, सभी पंचायतों के मुखियागण उपस्थित थे।