
बिहारशरीफ : बिहार सरकार ने बुधवार को बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का तबादला किया। 2 आईपीएस और 33 डीएसपी को नई तैनाती दी गई है। पटना एएसपी काम्या मिश्रा को सहायक पुलिस अधीक्षक अपराध अनुसंधान विभाग, पटना भेजा गया है। उनकी जगह औरंगाबाद की एएसपी स्वीटी सहरावत को पटना एएसपी बनाया गया है। नालंदा के दो चर्चित डीएसपी, बिहारशरीफ सदर डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी और हिलसा डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद का भी तबादला किया गया है। डॉ शिब्ली नोमानी को फिलहाल पोस्टिंग नही दी गई है। वही उनकी जगह नुरुल हक को बिहारशरीफ सदर डीएसपी बनाया गया है। नुरुल हक 2010 बैच के बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। इससे पहले वह पटना में विधि व्यवस्था डीएसपी थे। कृष्ण मुरारी को पटना विधि व्यवस्था डीएसपी का पद दिया गया है। उनकी जगह सुमित कुमार को हिलसा डीएसपी बनाया गया है। सुमित कुमार 2013 बैच के बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। इससे पहले वह खगड़िया में सदर डीएसपी थे। इस तबादले को पुलिस विभाग में एक आम प्रक्रिया के रूप में देखा जा रहा है।