
आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
NALANDA :- नालंदा में बीती रात 4 बच्चों की मां ने फांसी लगा खुदकुशी कर ली। मामला पावापुरी ओपी अंतर्गत दुर्गापुर गांव का है। मृतका अनुज कुमार की (30) वर्षीया पत्नी रूबी देवी है।
घटना के संदर्भ में पड़ोसी ने बताया कि सोमवार की अहले सुबह करीब 3:00 बजे रूबी देवी के बड़े बेटे ने अपनी मां को कमरे के अंदर हुक में साड़ी के फंदे से लटका हुआ पाया। उसके बाद उसने अपनी मां को फंदे से नीचे उतारा और इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। इसके बाद आसपास के लोग अनुज कुमार के घर पहुंचे और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है, रूबी देवी का पति झारखंड के तिलैया में लेथ मशीन चलाने का काम करता है। 1 महीने पूर्व ही महिला ने छोटे बेटे को जन्म दिया था।
मृतका के मायके वाले बेंगलुरु में रहकर मजदूरी का काम करते हैं। मूल रूप से वे लोग नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआरा गांव के रहने वाले हैं। उन लोगों को भी घटना के संदर्भ में जानकारी दे दी गई है।
पावापुरी ओपी प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि महिला ने आत्महत्या क्यों की है इसका वजह पता नहीं चल सका है परिजन भी कुछ बताने से ऐतराज़ कर रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों के द्वारा लिखित शिकायत मिलने पर अग्रिम कार्यवाई की जाएगी। घर में महिला के अलावा उसके 4 बच्चे ही मौजूद थे।